Sunday 14 June 2020

अलविदा, पर बहुत याद आओगे सुशांत


अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने आत्महत्या की।  सिर्फ 34 साल के थे सुशांत । आखिर क्या मजबूरी थी कि खुद को फांसी लगा ली ?? जो जैसा दिखता है , वैसा होता नहीं । खुशियों की चादर और शोहरत के नीचे का दर्द किसी को नजर नहीं आता । ये लिखती हैं टीवी पत्रकार सुचित्रा कुकरेती।

वाकई एक मोहक अभिनेता जिसने कई खूबसूरत फिल्में दी हो इस तरह अपनी इह लीला खत्म कर ले तो बड़ा दुखद लगता है। सुशांत सिंह राजपूत बिहार के रहने वाले थे। पटना के सेंट करेन हाईस्कूल से पढ़ाई की।

सुशांत सिंह राजपूत का अभिनय में कैरियर टीवी पर शुरू हुआ था। सबसे पहले उन्होंने 2008 में स्टार प्लस के किस देश में है मेरा दिल-  नामक धारावाहिक में काम किया। उनको मुकम्मल पहचान एकता कपूर के धारावाहिक पवित्र रिश्ता से मिली। इसके बाद उन्हें फ़िल्मो के प्रस्ताव मिलना शुरू हो गए। साल 2013 में फ़िल्म काय पो छे में वो मुख्य अभिनेता थे और उनके अभिनय की खूब तारीफ़ भी हुई। उन्होंने क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी पर बनी बायोपिक एमएस धोनी में अभिनय के लिए याद किया जाता है। फिल्म केदारनाथ में तो उन्होंने गजब का यादगार अभिनय किया। पर उनकी फिल्मी कैरियर सिर्फ सात साल का रहा। वे फिल्म शुद्ध देसी रोमांस, डिटेक्टिव व्योमकेश बक्षी में भी नजर आए थे।

सुशांत सिंह राजपूत उन अभिनेताओं में थे जो चॉकलेटी चेहरा होने के बावजूद सिल्वर स्क्रीन पर अपने दमदार अभिनय से छाप छोड़ते थे। अभिनय जगह में 34 साल कोई उम्र नहीं होती। अभी वे एक से बढ़ कर एक दमदार चरित्र निभाने वाले थे।

सुशांत का परिवार बिहार के पूर्णिया जिले का का रहने वाला था।  21 जनवरी 1986 को पटना में जन्मे। पढ़ाई में वे शानदार थे। कुल 13 इंजीनियरिंग की परीक्षाएं पास की थी। पर अभिनय को कैरियर बनाया। यहां भी शानदार पारी रही।

पर यह शानदार अभिनेता 14 जून 2020 को हमें छोड़कर चला गया। पता नहीं किससे किस बात से नाराज था। उसे तो दर्शकों का खूब प्यार मिला था। एक अभिनेता सिर्फ अपने परिवार और रिश्तेदारों का नहीं होता। उस पर उसके प्रशंसकों का हक बन जाता है। पर इस लोक को छोड़ने का फैसला करने से पहले उसने इस एंगिल से नहीं सोचा। बहुत याद आओगे सुशांत।
- विद्युत प्रकाश मौर्य - vidyutp@gmail.com 
( SUSHANT SINGH RAJPUT, KEDARNATH, MS DHONI , BIHAR, PURNIA )