Thursday, 17 January 2008

नहीं रुकेगी फिर भी यह कलम

चेचन विद्रोह पर लगातार साहसपूर्ण ढंग से लिखने वाली महिला पत्रकार की उसके अपार्टमेंट की लिफ्ट में निर्मम हत्या कर दी गई पर क्या इससे सच बोलने वाली कलम रुक जाएगी...

अन्ना पोलिटकोवस्का ने मास्को स्टेट यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में स्नातक करने के बाद इस प्रोफेशन को कैरियर के रूप में चुना था। सात अक्टूबर की सुबह जब वह अपने अखबार नोवाया गजट के लिए चेचन विद्रोह के दौरान मानवाधिकारों के हनन पर विशेष रिपोर्ट लेकर जा रही थीं तभी उनकी लिफ्ट में ही निर्मम हत्या कर दी गई। उनके अखबार ने हत्या का सुराग देने वाले को 10 लाख डालर इनाम देने की घोषणा की है। इससे समझा जा सकता है कि वे अपने अखबार के लिए कितनी कीमती थीं। पर अन्ना की हत्या इस बात को प्रमुखता से रखता है कि दुनियाभर में मानवाधिकारों के लिए लड़ने वाले पत्रकारों को जान का खतरा बहुत है। अन्ना ने चेचन्या में रुसी सैनिकों द्वारा वहां के आम नागरिकों के दमन की दास्तान को बहुत प्रमुखता से लिखा था। पर रूस का शासन यह सब कुछ पसंद नहीं करता था। पूरी दुनिया में ऐसे पत्रकार जो पीआर जर्नलिज्म करते हैं। यानी किसी के द्वारा प्रायोजित तौर पर लिखते हैं उनकी जान को कोई खतरा नहीं है। पर जो लोग खोजपूर्ण पत्रकारिता करना चाहते हैं उनकी जान को खतरा है। अन्ना ने राष्ट्रपति पुतिन के शासन काल के दौरान चेचन विद्रोह पर ढेर सारी रिपोर्ट लिखीं। उसने एक सामाजिक कार्यकर्ता की हैसियत से चेचन के शिविरों और अस्पतालों में पड़े लोगों की मिजाजपुर्शी भी की और उनके अधिकारों के लिए लड़ाई भी की। जहां उसे ढेर सारे पुरस्कार मिले वहीं उसे मारने की भी तमाम कोशिशें की गईं। सितंबर 2004 में बेसलान स्कूल हादसे के दौरान उसे चाय में जहर देकर मारने की कोशिश की गई। 

अन्ना ने कई किताबें भी लिखीं। उसकी ताजी पुस्तक पुतिन का रुस थी। पर पुतिन सरकार के कई फौजी और पुलिस वाले भी अन्ना के जान के दुश्मन थे। उसे कई बार मारने की धमकी दी गई। दिसंबर 2005 में एक पत्रकार सम्मेलन के दौरान अन्ना ने कहा था कि मेरे जैसे कई लोग सच कहने के कारण संकट में हैं। कई लोगों को जान इसलिए गंवानी पड़ती है क्योंकि वे सच को जोर से कहना चाहते हैं।
और अब खुलासा हो गया है कि अन्ना जिस रिपोर्ट को लेकर अपने अखबार के दफ्तर जा रही थी उसे प्रशासन नहीं छपने देना चाहता था। उसमें चेचन विद्रोह को लेकर ग्राफिक्स के साथ प्रमुख तथ्य पेश किए गए थे।
सितंबर 2006 में एक और साहसी महिला पत्रकार का निधन हो गया। वह थी इटली की ओरियान फलासी। ओरियाना ने अमेरिका को मुस्लिम आतंकवाद से अगाह करने वाले कई लेख लिखे थे। पर उनका दुनिया भर में चर्चित काम था उनकी पुस्तक इंटरव्यूज विद् हिस्ट्री। इस पुस्तक में दुनिया के कई प्रमुख शासनाध्यक्षों के साक्षात्कार संकलित किए गए हैं। इसमें इंदिरा गांधी और अयातुल्ला खुमैनी भी थे। इस पुस्तक में संकलित कई नेताओं ने तो कहा कि अगर हमें पता होता कि ओरियान हमारा ऐसा साक्षात्कार करेगी तो वे कदापि उसे बातचीत करने के लिए समय नहीं देते। यह पुस्तक साक्षात्कारों पर केंद्रित श्रेष्ठ पुस्तकों में गिनी जाती है। कहा जाता है कि शब्द और विचार कभी नहीं मरते। उस लिहाज से अन्ना और ओरियाना की आवाज कभी बंद नहीं हो सकती। वे हमारी बीच सदियों तक रहेंगी। यह अलग बात है कि समय उनसे क्या सीखता है।
 ( अन्ना 30 अगस्त 1958 - 7 अक्तूबर 2006 ) 
- vidyutp@gmail.com



Monday, 7 January 2008

बुढ़ापा यानी रिटायरमेंट कोई रोग नहीं

बुढ़ापा यानी रिटायरमेंट कोई रोग नहीं बल्कि यह तो एक नई ज़िन्दगी की शुरुआत है। अगर आप नौकरी से रिटायर होने वाले हैं तो कई तरह की योजनाएं बनाइए। कुछ लोग नौकरी से रिटायर होते ही दु:खी हो जाते हैं कि अब मैं क्या करुंगा। मैं एक 74 साल के आदमी से मिला। वह एक प्रॉपर्टी डीलर के दफ्‍़तर पर सहायक की नौकरी कर रहा था। उसने बताया कि दिन भर बस बैठना पड़ता है उसके एवज़ में कुछ रुपए मिल जाते हैं। इस उम्र में भी अपने बेटों पर बोझ नहीं हूं साथ ही टाइम भी पास हो जाता है।

असली जिंदगी होती है शुरू - आप यह मानकर चलें कि असली ज़िन्दगी की शुरुआत साठ के बाद होती है। सबसे पहले तो आप अपनी पत्‍नी के साथ घूमने का कार्यक्रम बनाएं। इस क्रम में आप अपने किसी और शहर में काम कर रहे बेटों के पास जा सकते हैं। आचार्य विनोबा भावे ने रिटायर लोगों के लिए एक मंत्र दिया था- रिटायर को रि-टायर करो। यानी पुरानी गाड़ी का टायर बदल दो वह तेज़ दौड़ने लगेगी। आप अपने मन से यह विचार निकाल दीजिए कि अब आप बूढ़े हो गए, अब आप क्या कर सकते हैं? आप रिटायर होने के बाद अपने जीवन भर के अनुभवों के आधार पर संभावित क्षेत्र में सलाहकार का काम कर सकते हैं। इसमें आप अच्छा पैसा कमा सकते हैं, इसके साथ ही आपकी व्यस्तता भी बनी रहेगी। कई बड़े लेखकों का उत्तम सृजन उनके साठ के बाद की उम्र में ही हुआ है। वैसे भी भारत में कहावत है साटा सो पाठा।

साठ के बाद टॉप पर - आप अगर राजनीति पर नज़र डालें तो अधिकांश राजनीतिज्ञ जो टॉप पर हैं उनकी उम्र साठ को पार कर चुकी है पर इनकी सक्रियता बनी हुई है। वे चुनाव लड़ते हैं, संसद की कार्यवाही में हिस्सा लेते हैं, बैठकों में हिस्सा लेते हैं, विदेश यात्राएं करते हैं। जब राजनीति के लोग सक्रिय हो सकते हैं तो आप क्यों नहीं। अगर आप शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं तो ट्यूशन पढ़ाने का काम कर सकते हैं। अगर बैंक से रिटायर हैं तो वित्तीय सलाह देने का काम कर सकते हैं। आप जहां से ढूंढना चाहेंगे वहीं से आपको एक राह निकलती हुई नज़र आएगी। कई ऐसे प्रोफेशन हैं जहां रिटायर होने का कोई मतलब नहीं होता। डॉक्टर, वकील, पत्रकार अपनी ज़रूरत के हिसाब से लगातार काम जारी रख सकते हैं। हां कुछ ऐसे पेशे हैं जिनसे लोगों को समस्याएं आती हैं पर वहां भी कोई न कोई विकल्प ढूंढा जा सकता है। अगर आपको पेंशन मिलती है तो बहुत अच्छी बात है। अगर नहीं मिलती तो भी आप कोई न कोई रास्ता ढूंढ सकते हैं। इसके लिए आप अपने साथियों से सलाह ले सकते हैं।

नई पीढ़ी को समझें, नए विचारों का सम्मान करें -  अक्सर रिटायर लोगों को अपने बच्चों के साथ समन्वय बैठाने में परेशानी आती है। पर इसको लेकर आप चिंतित न हों बल्कि अपने बच्चों के साथ मित्रवत् व्यवहार करें। नई पीढ़ी के पास नवीन विचार होते हैं उनका भी सम्मान करें। अगर ज़रूरत हो तो उन्हें सलाह दें। वरना तनाव न पालें। हमेशा अपने आप को किसी न किसी बहाने से व्यस्त रखें। अच्छी किताबों का अध्ययन करें। आपका बुढ़ापा खुशहाल होगा।
-विद्युत प्रकाश मौर्य
(OLD AGE, PERSON ) 

Monday, 31 December 2007

बाजार में सस्ता बेचने की होड़

बड़े बड़े शापिंग माल खुल रहे हैं और उनमें सस्ता बेचने की होड़ लगी है। किशोर बियानी के पेंटालून समूह का यह नारा ही है कि इससे सस्ता और अच्छा और कहां। कई सामानों पर वे चैलेंज भी करते हैं। अब अगर हम एक सस्ती जींस की बात करें तो वह बिग बाजार में 299 रुपए की मिल जाती है।

 रफटफ ब्रांड की जींस  20 फीसदी छूट पर 240 रुपए में भी कई बार मिल जाती है। बिग बाजार को भारत में मुकाबला दे रहे आरपीजी समूह के दूसरे सुपर मार्केट चेन में भी जींस की कीमत न्यूनतम 299 रुपए ही है। वहीं जल्द ही इस दौड़ में शामिल होने वाले रिलायंस रिटेल की भी सस्तेमें जींस बेचने की बात चल रही है। इसके तहत वह महज 200 रुपए में जींस बेचने की सोच रही है। इसके लिए वह कई निर्माताओं से बात कर रही है। दुनिया के सबसे बड़े शापिंग माल की चेन वालमार्ट में एक जींस महज 10 डालर में मिल जाती है। यानी यह 450 रुपए के बराबर पड़ता है। विदेशों के हिसाब से यह सस्ता है। भारत के परिपेक्ष्य में देखें तो अभी यहां कपड़े और जूते विदेशों की तुलना में सस्ते हैं। बिग बाजार के फुटवियर बाजार में जूते 200 रुपए से मिलने आरंभ हो जाते हैं। हर सुपर मार्केट और हाईपर मार्केट के बीच कंप्टिशन चल रहा है। वे अपने कई प्रोडक्ट को सस्ता कहकर बेच रहे हैं। अगर परंपरागत बाजारों से तुलना करें तो ये चीजें वास्तव में सस्ती हैं। बिग बाजार में कोट सूट महज 1500 रुपए में मिल जाता है। अगर कपड़ा खरीदकर दर्जी से सिलवाने जाएं तो यह काफी महंगा पड़ सकता है।
जाहिर है सुपर मार्केट कच्चा माल या तैयार माल सीधे निर्माताओं से खरीदते हैं इसलिए उनके लिए सस्ते में बेच पाना संभव हो पा रहा है। बिग बाजार समूह की कंपनी पैंटालून तो रेडीमेड कपड़ों के कारोबार में पहले से ही रही है। बिग बाजार में एक रेडीमेड पैंट भी 200 रुपए से मिलना आरंभ हो जाता है। बिग बाजार को चुनौती देने वाली प्रमुख कंपनियां रिलायंस और आदित्य विक्रम बिड़ला भी मूल रूप से वस्त्र निर्माता कंपनियां है इसलिए वहां भी सस्ते में बेचने की होड़ होगी।
जांच परख कर करें खरीददारी-
फिर भी ग्राहकों को चाहिए कि इन सुपर मार्केट से सामान खरीदने से पहले भी अन्य सुपर बाजारों से रेट की जांच पड़ताल करनी चाहिए। यह तस्दीक जरूर करें कि सुपर बाजारों के रेट दावा क्या वाकई सही है। इसलिए अन्य बाजारों का भी दौरा करते रहें। कई प्रोडक्ट्स में देखा गया है कि वह सुपर मार्केट की तुलना में बाजार में सस्ता मिल जाता है। बाजार के छोटे-मोटे दुकानदारों से आप रेट को लेकर बारगेन भी कर सकते हैं। इसलिए सुपर मार्केट से भी आंखे मूंद कर खरीददारी न करें। अगर आप कोई ब्रांडेड प्रोडक्ट खऱीद रहे हैं तो उसके आफ्टर सेल्स सर्विस के बारे में भी जानकारी प्राप्त कर लें। हो सकता है उस प्रोडक्ट का सर्विस सेंटर आपके शहर में न हो और आपको परेशानी झेलनी पड़ जाए। कई बार देखा गया है कि लक्जरी आईटम और खिलौने आदि सुपर मार्केट में सस्ते नहीं मिलते। ब्रांडेड सामानों के रेट भी मिला लें। हां ग्राहकों को यह संतोष हो सकता है कि ऐसे सुपर बाजारों में किसी प्रोडक्ट के नकली मिलने की संभावना बहुत कम रहती है। इसलिए कई तरह के लोकप्रिय उत्पादों की खरीददारी आप बेहिचक कर सकते हैं।
vidyutp@gmail.com




Monday, 12 November 2007

आइटम गर्ल और पब्लिसटी

आइटम गर्ल राखी सावंत रातोंरात चर्चा में आ गईं। बवाल उनकी ड्रेस को लेकर था। पुलिस ने एक मामला दर्ज किया कि महाराष्ट्र एक शहर में शो के दौरान उन्होंने जो ड्रेस पहनी थी वह भड़कीली थी। इस मुकदमे का कुछ फैसला हो न हो पर राखी सावंत को इस मामले से खूब प्रचार मिला। वे सभी प्रमुख समाचार चैनलों पर इंटरव्यू देती हुईं नजर आईं, जिसमें वे खुद के बोल्ड और बिंदास होने की सबूत पेश कर रही थीं। समाचार चैनलों को एक बिकाउ मसाला मिल गया था तो राखी सावंत को टीवी स्क्रीन पर लंबी लंबी कवरेज मिल रही थी। दोनों खुश थे। जाहिर है इसका काफी हद तक फायदा राखी को मिला। उनके के आगे के दो शो भी हंगामेदार रहा। लोगों ने उन्हें देखने के लिए महंगी दरों पर टिकटे खरीदीं।

बालीवुड में आईटम गर्ल का कांस्पेट कुछ साल में ही आया है। अक्सर किसी फिल्म में एक तड़क-भड़क वाला गाना रखा जाता है। इस गाने पर आमतौर पर फिल्म की हीरोइन नाचने को तैयार नहीं होती तो किसी अन्य अभिनेत्री को यह काम सौंपा जाता है। यह गाना काफी हद तक कैबरे जैसा होता है। किसी जमाने में फिल्मों में हेलन, मधुमती और कल्पना अय्यर जैसी अभिनेत्रियां यह काम करती थीं। पर आजकल फिल्म इंडस्ट्री में आइटम गर्ल की बहार आई हुई है। राखी सावंत, मेघना नायडु, कश्मीरा शाह, अर्चना मौर्य जैसे कई नाम हैं।
बकौल राखी सावंत उनके अंदर एनीमल इंस्टीक्ट है। उन्हें बोल्ड कपड़े पहनना और खुलकर नाचना अच्छा लगता है। उन्हें जिस्म दिखाने में कोई गुरेज नहीं है। हालांकि वे यह भी बताती हैं कि वे एक परंपरागत मराठी परिवार से आती हैं। राखी के अनुसार ऐश्वर्य राय जैसी अभिनेत्रियों को आइटम सांग नहीं करना चाहिए। उन्होंने किसी फिल्म में ऐसा करके आइटम गर्ल्स के पेट पर लात मार दी है।
दरअसल अब फिल्म इंडस्ट्री में ऐसी अभिनेत्रियों की बड़ी फेहरिस्त आ रही है जो सिर्फ नाचकर अपनी पहचान बनाना चाहती हैं। ऐसी आइटम गर्ल्स के बीच काम पाने की और पब्लिसिटी पाने को लेकर कड़ी प्रतिस्पर्धा है। ऐसे में राखी सावंत पर हुए मुकदमे ने उन्हें प्रचार के क्षेत्र में अचानक काफी माइलेज दिया है। जो लोग आइटम गर्ल्स के बारे में नहीं जानते वे भी जानने लगे हैं। बिना किसी पीआर प्लानिंग के और मीडिया मैनजमेंट के हर टीवी चैनल पर उनका इंटरव्यू प्रसारित किया जा रहा है। हो सकता है कि राखी सावंत के पीआर मैनेजर ने ऐसे मुकदमे जानबूझ कर ही करवाए हों जिससे उन्हें देशव्यापी पब्लिसिटी मिल जाए। ऐसी आइटम बालाएं कैमरे के सामने जानबूझ कर ऐसे संवाद बोलती हैं जिससे उन्हें प्रचार मिले। जैसे राखी का कहना कि मेरे अंदर जानवरों जैसी बात है, ऐश्वर्य ने मेरे पेट पर लात मारी है आदि आदि। मेघना नायडु ने भी एक इंटरव्यू में कहा कि एक शो के दौरान जब ग्रीन रूम में वे कपड़े बदल रही थीं तो उन्हें लगा कि कोई सुऱाख करके उन्हें देखे की कोशिश कर रहा है। हमें आइटम बालाओं के दिमाग भी दाद देनी चाहिए कि वे अपनी मार्केटिंग किस चतुराई से कर रही हैं।
राखी सावंत ने ऐसी घटनाओं के बाद कथित तौर पर अपनी सामाजिक जिम्मेवारी का एहसास करते हुए कहा कि वे अब साड़ी पहन कर मंच पर कार्यक्रम देंगी। पर क्या साड़ी पहनने के बाद वे उत्तेजक भाव भंगिमाएं नहीं पेश करेंगी। बार बालाएं भी तो साड़ी पहनकर ही नाचती हैं।
-विद्युत प्रकाश vidyutp@gmail.com



Friday, 2 November 2007

मीडिया प्रशिक्षण की खुली दुकानें

जब से घर-घर में टीवी का प्रसार बढ़ा है समाचार चैनलों की दर्शकीयता बढ़ी है। इसके सात ही एक प्रोफेशन के रुप में पत्रकारिता का भी ग्लैमर बढ़ा है। भारी संख्या में लोग पत्रकारिता को कैरियर के रुप में अपनाना चाहते हैं। वह भी खास तौर पर टीवी पत्रकार बनना चाहते हैं।

 टीवी पत्रकार जो स्क्रीन पर दिखाई देते हैं उन्हें लोग घर-घर में सेलिब्रिटी के रुप में पहचानते हैं। जैसे जैसे मीडिया में रोजगार के मौके बढ़े हैं उसके साथ ही देश में मीडिया प्रशिक्षण के नाम पर संस्थानों की संख्या भी बढ़ी है। यहां तक की अब स्टिंग आपरेशन सीखाने वाले संस्थान भी खुल गए हैं। पर मीडिया कर्मी बनने की तमन्ना रखने वाले को किसी भी संस्थान में नामांकन लेने से पहले काफी सोचविचार कर लेना चाहिए। किसी समय में इलेक्ट्रानिक मीडिया में कैरियर बनाने वाले लोग भारतीय जन संचार संस्थान (आईआईएमसी) या एमसीआरसी, जामिया मीलिया इस्लामिया से ही निकलते थे। पर अब सिर्फ दिल्ली में ही टीवी पत्रकारिता सीखाने वाले 250 से ज्यादा संस्थान खुल चुके हैं। इनमें से कई संस्थानों की फीस तो लाखों में है।

 आजतक, जी टीवी जैसे टीवी चैनलों के अपने प्रशिक्षण संस्थान खुल चुके हैं। डिप्लोमा तथा डिग्री प्रदान करने वाले और भी कई दर्जन संस्थान है। जिन छात्रों को किसी अच्छे संस्थान में दाखिला नहीं मिलता वे कहीं से भी पढ़ाई कर लेते हैं। पर सभी संस्थानों में प्रैक्टिकल और थ्योरी की पढ़ाई की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण लोग ठगे भी जाते हैं। इन संस्थानों से हर साल जितनी बड़ी संख्या में ट्रेंड प्रोफेशनल निकल रहे हैं उनमें से 10 फीसदी लोगों को ही रोजगार मिल पा रहा है। बाकी सभी लोग खुद को ठगा हुआ सा महसूस करते हैं। कई बार वे प्रशिक्षण देने वाले संस्थान से ठगी का शिकार होते हैं तो कई बार उनका आधार एक मीडिया कर्मी बनने लायक मजबूत नहीं होता।

जो लोग मीडिया जगत में कैरियर बनाना चाहते हैं पहले उन्हें खुद ही यह आत्म परीक्षण कर लेना चाहिए कि क्या वे इसके लायक हैं। पहली बात आपकी भाषा पर पकड़ मजबूत हो। समान्य ज्ञान अच्छा हो, साथ ही खबरों की समझ बहुत अच्छी हो। इसके बाद आती है अच्छे संस्थान के चयन की बात। अगर आप प्रशिक्षण प्राप्त करते भी हों तो यह मान कर चलें कि कोई भी संस्थान 100 फीसदी प्लेसमेंट की गारंटी नहीं देता। हां मदद जरूर कर सकता है। पत्रकारिता में कैरियर बनाते समय प्रारंभिक दिन बडे़ संघर्ष के होते हैं। बहुत कम लोगों को तुरंत अच्छा ब्रेक मिल पाता है। कई असफलताओं के बात एक मुकाम मिलता है। उसके बाद मुकाम को बनाए रखने के लिए एक अन्तहीन प्रतिस्पर्धा का दौर है। किसी नए आदमी को इन सारी बातों के लिए तैयार होकर आना चाहिए। किसी भी संस्थान में नामांकन से पूर्व वहां की फैकल्टी तथा वहां दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में भी जांच परख लेना चाहिए। कई लोग बाद में यह कहते हुए पाए जाते हैं कि वहां नामांकन लेकर हम तो ठगे गए। इसलिए आप ठगे जाने से जरूर बचें।

---- विद्युत प्रकाश मौर्य


Tuesday, 30 October 2007

मोबाइल उपभोक्ता बढ़े पर सुविधाएं नहीं

बहुत अच्छी खबर है देश में कुल फोन के उपभोक्ता दिसंबर 2005 में बढ़कर साढ़े बारह करोड़ हो गए हैं। अकेले दिसंबर में मोबाइल फोन के 38लाख नए ग्राहक बने हैं। मोबाइल फोन के तेजी से बढ़ते ग्राह के पीछे कई कारण हो सकते हैं। मोबाइल फोन का सस्ता होना। काल दरों का घटना। दो साल तीन साल या लाइफ टाइम फ्री इनकमिंग काल्स वाले पैकेज देना। अपने साथी की मोबाइल के कारण बढ़ते बिजनेस और लोक व्यवहार के कारण भी लोग मोबाइल फोन ले रहे हैं। अगर आबादी के हिसाब से फोन के घनत्व की बात करें तो अभी भी हमारा देश चीन ने बहुत पीछे है। अभी हमारे यहां प्रति 10 व्यक्ति पर एक फोन का औसत आ चुका है। इस हिसाब से अभी आने वाले तीन-चार सालों में मोबाइल फोन के ग्राहकों की संख्या तेजी से बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। इस बढ़ती संख्या से मोबाइल आपरेटर बहुत खुश हैं। पर फोन के बढ़ते घनत्व के साथ क्या उपभोक्ताओं को सर्विस प्रोवाइडर द्वारा अच्छी सुविधाएं भी दी जा रही हैं। हाल में इस संबंध में कराए गए एक सर्वे के परिणाम बड़े निराशाजनक हैं।
देश में सीडीएमए और जीएसएम तकनीक मिलाकर 11 मोबाइल आपरेटर हैं। इनमें से आधे से अधिक की सेवाओं से लोग खुश नहीं हैं। एक साल पहले तक दिल्ली और मुंबई के सरकारी आपरेटर एमटीएनएल की मोबाइल सेवाओं से उपभोक्ता काफी परेशान रहते थे। हालांकि 2005 में एमटीएनएल की मोबाइल सेवा में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। पर अच्छी सेवा नहीं देने के कारण एमटीएनएल के काफी ग्राहक टूटे भी थे।
हैंडसेट अपग्रेडेशन नहीं
ठीक इसी तरह काफी लोग सीडीएमए तकनीक पर आधारित सेवा देने वाले आपरेटर की सेवाओं से लोग परेशान दीखे। इस सेवा में दिक्कत यह है कि अगर उपभोक्ता अपने आपरेटर की सेवा से खुश नहीं है तो भी आसानी से अपना कनेक्शन बदलकर किसी और कंपनी की ओर नहीं जा सकता। क्योंकि इसके हैंडसेट कंपनी की ओर से ही दिए जाते हैं। हालांकि इस विषय पर कोशिश की जा रही है कि सीडीएमए तकनीक में भी उपभोक्ता को हैंडसेट बदलने व कंपनी बदलने की आजादी मिले। जीएसएम तकनीक का उपभोक्ता अपना हैंडसेट आसानी से सेकेंड हैंड मार्केट में बेचकर कोई नया हैंडसेट ले लेता है। पर सीडीएमए में ऐसा संभव नहीं हो पाता।
एसएमएस से परेशानी
हालांकि एएसएमस सेवा टेलीग्राम का आधुनिक रुप है। मोबाइल कंपनियां आजकल एसएमएस से करोड़ों की कमाई कर रही हैं। पर कोई भी कंपनी इस बात की गारंटी नहीं लेती कि आपका भेजा हुआ एसएमएस मिल गया नहीं। जबकि एसएमएस भेजे जाते समय ही कंपनियां इसका शुल्क काट लेती हैं। दीवाली, नए साल और अन्य पर्व त्योहारों पर कंपनियों की एसएमएस से कमाई बढ़ जाती है। पर आपके भेजे हुए कई एसएमएस लोगों को दो दिन बाद मिलते हैं या फिर नहीं भी मिलते हैं।
इसके अलावा उपभोक्ताओं को बिलिंग और कस्टमर केयर से काफी शिकायते हैं। समय पर बिल नहीं मिलना। बिल का जमा कर देने के बाद भी शो नहीं होना। उपभोक्ता को सही जानकारी नहीं दिया जाना। कस्टमर केयर में शिकायत दर्ज कराने के बाद भी शिकायत दूर नहीं होने जैसी अनेक बातें हैं जिसे मोबाइल कंपनियों को ठीक करना होगा।

-माधवी रंजना, madhavi.ranjana@gmail.com


Sunday, 28 October 2007

राजश्री ने बचा रखी है परंपरा

भले ही कई निर्माताओं ने फिल्में बनाने के सिलसिले में खुद को समय के अनुसार बदल लिया हो पर राजश्री ने अपनी परंपराओं को बचा कर रखा हुआ है। वे आज भी कहानी चुनने में पूरी सावधानी बरतते हैं और ऐसी ही फिल्में बनाते हैं जो भारतीय परिवार की सांसकृतिक परंपराओं को बचा कर रखती हो। उनका हाल में प्रदर्शित फिल्म विवाह इसी का ताजा उदाहरण है। उन्होंने उस दौर में भी जबकि छोटा परदा भी नंगापन परोसने में पीछे नहीं है एक साफ सुथरी फिल्म देने की कोशिश की है। राजश्री की फिल्मों की विशेषता रही है कि फिल्म हिट होने पर ऐसा सामाजिक प्रभाव छोड़ती है कि लोग अपनी जड़ों की ओर लौटने की कोशिश करते हैं। जब हम आपके हैं कौन सुपर हिट हुई तो शादी विवाह समारोहों में जूता जुराने की रश्म फिर से जीवित हो गई। इसके साथ ही फिल्म में पारिवारिक रिश्तों के बीच जिस सम्मान का भाव था उसे भी लोगों ने काफी गहराई से आत्मसात किया। यानी हम यों कहें कि राजश्री जब कोई अच्छी फिल्म बनाती है तो उससे समाज में कमजोर होते रिश्ते नाते को एक मजबूती मिलती है, एक नया आयाम मिलता है तो कत्तई गलत नहीं होगा।


राजश्री की हर फिल्म में भारतीयता की खूशबु होती है। हालांकि यश चोपड़ा भी कभी कभी और सिलसिला जैसी फिल्में बनाने के साथ पारिवारिक फिल्मों के लिए ही जाने जाते थे। उनकी फिल्म चांदनी, लम्हे और दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे भी इसी पृष्ठभूमि पर केंद्रित थीं। पर दिल तो पागल है के बाद यश चोपड़ा की फिल्मों का स्वरूप बदलने लगा है। उन्होंने एमटीवी और चैनल वी की पीढ़ी से प्रभावित पीढ़ी के लिए फिल्में बनानी आरंभ कर दी। दिल वाले दुल्हिनया ले जाएंगे में पूरब और पश्चिम का संगम देखने के मिला था। पर अब यश चोपड़ा की फिल्मों में पश्चिमी बयार ही बह रही है। अब यश चोपड़ा का प्रोडक्शन हाउस भी राजश्री की तरह ही बाहरी निर्माताओं से फिल्में बनवाने लगा है। पर वे सब लोग भी उसी तरह की फिल्में बना रहे हैं। 2006 में प्रदर्शित सलाम नमस्ते में तो बिल्कुल नई मान्यताएं देखने को मिली। इसमें हीरो में सभी स्त्रियोचित गुण देखे जा सकते हैं। वह इंजीनयरिंग पढ़कर भी खाना पकाने का काम करता है। पर इसके उलट राजश्री ने जिन बाहरी निर्देशकों से अपने लिए फिल्में बनावाई उन्होंने भी बिल्कुल साफ सुथरी फिल्में बनाई। कमोबेश यश चोपड़ा की राह पर कर जौहर भी चल रहे हैं। उनकी इस साल प्रदर्शित फिल्म कभी अलविदा ना कहना में कहानी का तानाबाना विवाहेत्तर संबंधों के आसपास घूमता है। हम अभी ऐसी कहानी को भारतीय परिवेश में आत्मसात करने को तैयार नहीं हैं।
हम यह नहीं कह सकते हैं कि जैसी कथानक का चयन करन जौहर और यश चोपड़ा जैसे निर्माता कर रहे हैं वैसे पात्र समाज में नहीं हैं। समाज में तो अच्छे बुरे पात्र हमेशा ही मौजूद रहे हैं। पर यह निर्माता पर निर्भऱ करता है कि वह फिल्म बनाते समय कैसे पात्रों का चयन करे। यह ध्रुव सत्य बात है कि फिल्मों का समाज पर व्यापक प्रभाव पड़ता है। लोग अपने हीरो की नकल करते हैं ऐसे में प्रोड्यूसर का दायित्व बनता है कि वह कहानी के चयन में गंभीरता बरते। इस मामले मे यश चोपड़ा और करण जौहर जैसे लोग चुक गए लगते हैं। वहीं सूरज बड़जात्या ने अपनी पारिवारिक परंपरा को न सिर्फ बचाए रखा है बल्कि उसे बड़ी ही सुंदरता से आगे बढ़ा रहे हैं।
विद्युत प्रकाश vidyutp@gmail.com

Friday, 26 October 2007

विंडो का ओरिजिनल साफ्टवेयर अभियान

भारत में कंप्यूटरों में जो साफ्टवेयर इस्तेमाल हो रहा है वह बड़ी संख्या में अभी भी पाइरेटेड है। अब माइक्रोसाफ्ट की कंपनी इस अभियान में जुट गई है कि लोग असली साफ्टवेयर का ही इस्तेमाल करें। हालांकि पिछले कुछ सालों से जब आप कंप्यूटर खरीदते थे तो उसमें जो साफ्टवेयर लोड करके दिए जा रहे थे वे आमतौर पर पायरेटेड यानी दूसरे शब्दों में कहें तो गैर लाइसेंसी या चोरी के ही होते थे। जैसे विंडो का कोई भी संस्करण हो या किसी तरह के इस्तेमाल किए जाने वाले साफ्टवेयर। मसलन पेजमेकर, फोटोशाप, क्वार्क एक्सप्रेस, एमएस वर्ड, एक्सेल जैसे सभी साफ्टवेयर आमतौर पर पाइरेसी से ही इस्तेमाल में आ रहे हैं। खास तौर पर जो कंप्यूटर किसी मैकेनिक से एसेंबल करके खरीदे जाते हैं उनमें पाइरेटेड साफ्टवेयर ही लोड किए जाते हैं।

जब हम कोई भी साफ्टवेयर असली खरीदना चाहते हैं तो कंप्यूटर की कीमत के साथ ही हमें साफ्टवेयरों की भी अच्छी खासी कीमत चुकानी पड़ती है। ऐसे में ग्राहक भी सोचता है कि चलो पाइरेटेड साफ्टवेयर से ही काम चला लेते हैं। अभी तक साफ्टयवेयर बनाने वाली कंपनियां भी इस मामले मे ढील देने की नीति बरत रही थीं। उनका लक्ष्य था कि लोग भले ही पाइरेसी का साफ्टवेयर इस्तेमाल करें पर धीरे धीरे लोग इसके बड़ी संख्या में उपयोक्ता बन जाएं। अब देश में कंप्यूटर उपयोक्ताओं की संख्या करोड़ों में पहुंच गई है तो कंपनियों का ध्यान अब लोगों को ओरिजिनल साफ्टवेयर इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करने की ओर है। इसके लिए कंपनियां अखबारों में बड़े ब़ड़े विज्ञापन भी दे रही हैं।

आखिर असली ही क्यों - जब आप अपने कंप्यूटर के साथ इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं तो आपका कंप्यूटर विश्व व्यापी नेटवर्क से जुड़ जाता है। ऐसी हालात में आपके कंप्यूटर में मौजूद विभिन्न साफ्टवेयर अपनी वेबसाइटों से जुड़कर खुद को अपडेट करना चाहते हैं। ऐसे अपडेट की स्थिति में कंपनी को पता चल जाता है कि कहां उसका असली साफ्टवेयर इस्तेमाल हो रहा है और कहां पायरेटेड। असली साफ्टवेयर का इस्तेमाल करने से आपको कोई भी साफ्टवेयर फुल वर्जन में प्राप्त होता है वहीं आप उसको समय समय पर कंपनी की वेबसाइट पर जाकर अपडेट कर सकते हैं। जबकि पाइरेसी वाले साफ्टवेयर को अपडेट करने में मुश्किल आती है। अब जहां विंडो ने अपने एक्सपी और उसके आगे के संस्करणों के असली वर्जन के इस्तेमाल करने की मुहिम चला रखी है वहीं टैली और दूसरी कई कंपनियां भी ऐसा ही कर रही हैं।

फिलहाल इन साफ्वेयर कंपनियों की नजर ऐसे लोगों पर है जो व्यवसायिक यूजर हैं। जैसे बड़े दफ्तरों और बैंकों और दुकानों में कंपनियां चाहती हैं कि असली साफ्टवेयर ही इस्तेमाल हो। आने वाले समय में घरों में निजी उपयोग वाले कंप्यूटरों में भी पाइरेसी के साफ्टवेयर का इस्तेमाल करना मुश्किल हो जाएगा। अगर आप कोई नया ब्रांडेड पीसी खरीदते हैं तो आपको उसके साथ विंडो का ओरिजिनल संस्करण मिलता है साथ ही कुछ साफ्टवेयर भी मिलते हैं। अगर आप साफ्टवेयर पर पैसा लगाने को इच्छुक नहीं हैं तो आपके पास लाइनेक्स और ओपन आफिस जैसे विकल्प मौजूद हैं जो दुनिया भर में फ्री साफ्टवेयर उपलब्ध कराते हैं। इनका इस्तेमाल भी आप अपने पीसी में कर सकते हैं।
-- vidyutp@gmail.com 




Wednesday, 24 October 2007

नैनो टेक्नोलाजी यानी जिंदगी हुई आसान

कल्पना कीजिए की कड़कड़ाती ठंड पड़ रही हो और एक आदमी पतला सा शर्ट पहने मस्ती मे घूम रहा हो। ऐसा आने वाले दिनों में संभव है। यह सब कुछ नैनो टेक्नोलाजी के बदौलात संभव है। इसकी बदौलत सिर्फ इलेक्ट्रानिक उपकरण ही नहीं बल्कि कई चीजों को छोटा करके जीवन को आसान बनाया जा सकता है। आजकल वैज्ञानिक हर क्षेत्र में चीजों को छोटा करने की कोशिश में लगे हुए हैं। 

अब हम टीवी के पिक्चर ट्यूब का ही उदाहरण लें। परंपरागत टीवी स्क्रीन पिक्चर ट्यूब के पीछे निकलती उसकी नली के कारण वजनी और बड़े होते हैं। अभी हाल में कुछ टीवी कंपनियों ने उसमें कुछ सुधार कर 30 फीसदी चौड़ाई कम कर दी है। पर टीएफटी स्क्रीन वाले एलसीडी और प्लाज्मा स्क्रीन ने तो टीवी की दुनिया ही बदल कर रख दी है। अब ऐसा टीवी सिर्फ तीन ईंच मोटा ही होता है। आप ऐसे टीवी को सुटकेस में पैक करके कहीं भी ले जा सकते हैं। वहीं अपने घर में आप ऐसे टीवी को कहीं भी दीवार पर स्थापित कर सकते हैं। यानी दीवार में कैलेंडर की तरह टीवी टंगा हुआ दिखाई देगा। ऐसा नैनो टैक्नोलाजी की बदौलत ही संभव हो सका है। ठीक इसी तरह कंप्यूटर का भी सबसे भारी भरकम भाग मानीटर में एलसीडी स्क्रीन के आ जाने के बाद कंप्यूटर का वजन कम हो गया है। अभी एलसीडी स्क्रीन थोड़े महंगे जरूर हैं पर उनकी कीमतें लगातार गिरती जा रही हैं।

अब इस नैनो टेक का कमाल जीवन के हर क्षेत्र में दिखाई देने वाला है। आप कल्पना कर सकते हैं कि कड़कड़ाती ठंग में कोई व्यक्ति सिर्फ एक शर्ट पहने घूम रहा हो। वास्तव में उस शर्ट के उपर थीन फिल्म की ऐसी कोटिंग कर दी जाएगी जो हवा की आवाजाही तो रोकेगा ही साथ ही शरीर को उष्णता भी प्रदान करेगा। फिर शरीर पर भारी भरकरम स्वेटर डालने की कोई जरूरत नहीं रह जाएगी। यानी सरदी में कपड़ों का बोझ कम हो सकेगा। ऐसे शर्टों की दूसरी विशेषताएं भी होंगी। इन पर दाग धब्बे और खरोंचे भी नहीं लग सकेंगी। साथ ही क्रिज की भी कोई समस्या नहीं होगी। आपकी कलाई घड़ी या मोबाइल फोन पर थिन फिल्म की कोटिंग की जा सकती है जो उपकरणों के जीवन को बढ़ाएगा साथ ही उन्हें खरोंच लगने से भी बचाएगा।
नैनो टेक का इस्तेमाल सेना के लिए काफी लाभकारी सिद्ध हो सकता है। सीमा पर पहाड़ी और बरफीली वादियों में सैनिकों को भारी भरकम कीट और कपड़े आदि लेकर रहना पड़ता है। कश्मीर की वादियों रहने वाले फौजियों का कीट 35 किलो का होता है। सेना में इस बात पर भी लगातार शोध चल रहे हैं कि फौजियों के सामानों का वजन कैसे कम किया जाए। अमेरिका के नेशनल साइंस फाउंडेशन को इस बात का भरोसा का है कि 2015 तक बाजार में नैनो टेक्लनोलाजी प्रोडक्ट की बाढ़ आ चुकी होगी। लोग हर तरह की वस्तुओं में छोटी चीजें ढूंढते नजर आएंगे। एक रिपोर्ट के अनुसार ड्रग डिलेवरी सिस्टम में भी इस तकनीक का योगदान होगा। ट्यूमर थेरेपी और कैंसर की दवाओं के निर्माण में भी नैनो टेक्नोलाजी अपना महत्वपूर्ण योगदान करेगी। इससे जहां कम दवाएं लेने से काम चल सकेगा वहीं कई तरह की बीमारियों के इलाज खर्च में भी कमी आने उम्मीद है। यानी नैनो टेक न सिर्फ आपके जीवन को आसान और सुगम बनाएगा बल्कि कई तरह के खर्चों को कम भी कर सकता है।
-माधवी रंजना madhavi.ranjana@gmail.com



Monday, 22 October 2007

जल्द आम लोगों के पहुंच में होगा इंटरनेट

वह दिन अब दूर नहीं जबकि इंटरनेट आम लोगों के बीच लोकप्रिय होता हुआ दिखाई देगा। कुछ साल पहले जब भारत में इंटरनेट आया तब तेजी से वेबसाइटों का पंजीकरण होने लगा, मीडिया सहित अलग अलग क्षेत्रों में कारोबार होने लगा। पर जल्द ही यह इंटनेट बूम टांय टायं फिस्स हो गया। इसका प्रमुख कारण यह था कि इंटरनेट तब देश में ज्यादा लोगों की पहुंच में नहीं था इसलिए इस माध्यम से संदेश भेजने वाले लोगों को ज्यादा सफलता नहीं मिली। पर अब स्थितियां तेजी से बदल रही हैं। अब देश में कंप्यूटरों की संख्या तेजी से बढ़ रही है वहीं इंटरनेट के वेबसाइटों की लोकप्रियता में भी इजाफा हो रहा है। अब गली गली में इंटरनेट ढाबा और साइबर कैफे खुल गए हैं। कई चीजों के लिए तो इंटरनेट की वेबसाइटें सबसे लोकप्रिय माध्यम साबित हो रही हैं। अब किसी भी परीक्षा का रिजल्ट जारी करना हो तो इंटरनेट सबसे मुफीद साधन है। क्योंकि किसी भी माध्यम से लाखों लोगों के रिजल्ट छाप कर भेजना संभव नहीं है। 

अखबार में छपवाना महंगा सौदा है वहीं गजट छाप कर हर जिले में भेजने में भी लंबा समय और खर्च लग जाता है। वहीं कुछ रुपए खर्च करके अब लोग कहीं भी रिजल्ट देख लेते हैं। इसी तरह किसी भी काम के लिए ठेके (टेंडर) भी अब आनलाइन निकाले जा रहे हैं। इससे ठेकेदार या संबंधित लोग नियम व शर्ते कहीं भी पढ़ लेते हैं। 

शेयर कारोबार, म्युचुअल फंड और बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड आदि के लिए भी अब इंटरनेट वरदान बन गया है। आप जहां आनलाइन शेयर ट्रे़डिंग कर सकते हैं वहीं म्युचुअल फंडों के नव (नेट एसेट वैल्यू) रोज देख सकते हैं। आप जिन सेवाओं के भी उपभोक्ता हैं उसकी वेबसाइट पर लागिन करके अपने खाते के स्टेटस को आनलाइन देख सकते हैं। अब यह सब कुछ बड़े ही कम खर्च पर उपलब्ध है।


खासकर ब्राड बैंड के सस्ता और लोकप्रिय हो जाने से देश में इंटरनेट के उपभोक्ताओं को संख्या बड़ी तेजी से बढ़ रही है। अब स्कूली विद्यार्थी इंटरनेट का इस्तेमाल करके अपने ज्ञान को बढ़ा रहे हैं। किसी भी प्रोडक्ट के बारे में सूचना प्राप्त करने के लिए इंटरनेट एक गेटवे का काम कर रहा है। कुछ साल पहले हम जिन बातों को कल्पना में कहा करते थे वे अब हकीकत बनते जा रहे हैं।
आज आप भारतीय रेल की वेबसाइट को ही देखें रोज लाखों को लोग उसे हिट करके ट्रेनों की आवाजाही के बारे में पता करते हैं साथ ही आनलाइन टिकट भी बुक करवाते हैं। वहीं किसी भी एयरलाइन के फ्लाइट शिड्यूल और सीटों की उपलब्धता और टिकट बुकिंग आदि सब कुछ इंटरनेट के माध्यम से करवाया जा सकता है। जिस सूचना को पाने के लिए अथवा जिस सुविधा का प्राप्त करने के लिए आपको पहले 100 से 200 रुपए खर्च करने पड़ रहे थे वही अब आपको 10 से 20 रुपए के खर्च करने पर ही उपलब्ध हो पा रहा है। इस प्रकार अब सही मायने में लोगों को इंटरनेट का लाभ मिलना आरंभ हो गया। 

इंटरनेट से आनलाइन कारोबार को भी बढ़ावा मिलने लगा है। अगर आन लाइन कारोबार नहीं भी होता है तो भी लोग किसी भी प्रोडक्ट अथवा सेवा के बारे में इंटरनेट से जानकारी प्राप्त करते हैं। इस प्रकार यह किसी प्रोडक्ट के विज्ञापन का अच्छा काम कर रहा है। मान लिजिए आपको किसी बैंक में खाता खोलना है तो आप विभिन्न बैंकों की वेबसाइटों पर जाकर उनके द्वारा दी जारही सुविधाओं का तुलनात्मक अध्ययन कर सकते हैं। इसके बाद आपको जहां अच्छा लगे वहां खाता खोलें। ऐसा ही किसी अन्य उत्पाद के बारे में भी लागू होता है।
- विद्युत प्रकाश मौर्य