Friday 8 May 2020

लॉकडाउन डायरी - गुलमोहर के संग जिंदगी

पटना में खिले गुलमोहर ।  फोटो - अनादि अनत
बेटे अनादि ने पटना से गुलमोहर के फूलों की तस्वीर भेजी है। हमारे मुहल्ले में गुलमोहर खिल उठे हैं। वे उम्मीद जगा रहे हैं। आने वाले दिन बेहतर होंगे।  लॉकडाउन में रहते हुए मार्च, अप्रैल के बाद अब मई का महीना शुरू हो गया है। तमाम लोग दावे कर रहे हैं कि लॉकडाउन के कारण देश में कम मामले बढ़े हैं। पर अर्थशास्त्री रघुराम राजन का कहना है कि इस तरह की बंदी ज्यादा देर तक नहीं चलाई जा सकती। इसका बुरा असर औद्योगिक उत्पादन पर पड़ेगा साथ ही निम्न मध्यम वर्ग और मध्यम वर्ग की हालत बहुत खराब हो जाएगी। 

01 मई शुक्रवार 38वां  दिन - आज मजदूर दिवस है। पर मजदूरों के पास कोई काम नहीं है। इधर उधर फंसे हुए लाखों मजदूर अपने घर जाने की राह देख रहे हैं। हमारे रोहतास जिले में 51 मरीज हो गए हैं। सासाराम में 6 नए केस मिले हैं शुक्रवार को। जिले में मुरादाबाद, नोखा, बभनौल, उसरी, परमेश्वरपुर, हरकमल गांव में कोरोना के नए मरीज मिले हैं। कपसिया सोहवलिया से राममूर्ति फूंफा का फोन आया, उनके गांव के बगल मे हटना से भी केस मिल गया है। 
मजदूरों को अपने गृह राज्य में भेजने के लिए सरकार स्पेशल ट्रेन चलाने लगी है। 
लॉकडाउन में दो हफ्ते का और विस्तार देकर इसे 17 मई तक बढ़ा दिया गया। देश के रेड, आरेंज, ग्रीन तीन हिस्सों में बांटा गया है। ग्रीन और आरेंज जोन में 4 मई से कुछ सेवाएं शुरू की जाएंगी। गाजियाबाद अभी आरेंज जोन में है। यहां पर लोग अपने जिले में निजी वाहन या कैब से सफर कर सकेंगे। 
02 मई शनिवार - 39वां दिन - सरकार ने रेड जोन में भी कुछ रियायतों का ऐलान किया है। वैसे दुनिया के आधे देश 4 मई से कई तरह की कारोबार शुरू करने जा रहे हैं। कई देश अब कोरोना के संग जीने की बात कर रहे हैं। दिल्ली में कोरोना से तीन लोगों की मौत हुई तो महाराष्ट्र में 36 देश भर में 71 लोग काल के गाल में समा गए। दिल्ली में लोकपाल सदस्य जस्टिस एके त्रिपाठी का कोरोना से निधन हो गया। एक दिन में देश आज ढाई हजार मामले आए। दिल्ली में सीआरपीएफ के एक कैंप के 135 जवान संक्रमित हैं तो कापसहेड़ा बार्डर में एक ही बड़े घर में रहने वाले सारे लोग। 
दरअसल सेंपल लेने के बाद जांच की रिपोर्ट आने में कई कई दिन लग जा रहे हैं। गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंसन में केवी सृष्टि में एक केस आने के बाद सोसाइटी सील कर दी गई है। रोहतास जिले में रोज कुछ नए मामले बढ़ रहे हैं। 

03 मई रविवार 40वां दिन - ग्रीन जोन और ऑरेंज जोन में आज से कुछ छूट की शुरुआत हो रही है। पर गाजिबाद जिले में अभी कोई छूट नहीं होगी। देश में कोरोना से आज 83 लोगों की मौत हुई। मरने वालों का आंकड़ा 1306 हो गया। दिल्ली में आज सुबह और शाम मे ंफिर बारिश हुई। इससे मौसम ठंडा रहा। हमारे घर के आसपास दिलशाद गार्डन और शालीमार गार्डन में कोराना के मामले ठीक हो गए हैं। जो ब्लॉक सील हुए थे उन्हें खोल दिया गया है।  मैं आज दो दिन बाद नीचे उतरा सब्जियां लेने के लिए। बेटा वंश से बात हुई वह मजे में है। 
04 मई सोमवार, 41वां दिन - दिल्ली रेड जोन में है पर आज से कई तरह की रियायतें शुरू हो रही हैं। दिल्ली में शराब की दुकानें खुलते ही लोगों की लंबी लाईनें लग गई। कई और शहरों में ऐसा ही हुई। इससे सोशल डिस्टेंसिंग धज्जियां उड़ी। उधर आज 83 लोगो ंकी मौत हो गई कोरोना से। यह अब तक सबसे ज्यादा है। पिछले तीन दिन में देश में नए मामलों की संख्या भी बढ़ गई है। इधर कोरोना का कहर उधर सीमा पर जवान शहीद हो रहे हैं। कल पांच और आज तीन जवान शहीद हो गए। 

05 मई मंगलवार, 42 वां दिन - कई जगह फैक्टिरयों में उत्पादन शुरू हो रहा है। पर सार्वजनिक परिवहन नहीं शुरू होने के कारण लोगों को दिक्कत हो रही है। देश में कोरोना से 194 लोगों की मृत्यु हो गई। एक दिन यह सर्वाधिक है। आज सबसे ज्यादा केस भी सामने आए। तीन हजार से ज्यादा। इस बीच कई और राज्यों में शराब की दुकानें खोले जाने की तैयारी है। हमारी कालोनी में दवा राशन के अलावा हार्डवेयर, बरतन, स्टेशनरी की दुकानें भी खुलने लगी हैं। दुकानों का समय शाम सात बजे तक कर दिया गया है। 

06 मई बुधवार, 43वां दिन - पानीपत में तीन पत्रकार भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। वे दो हिंदी समाचार पत्रों से हैं। वहीं नोएडा फिल्म सिटी में नेटवर्क 18 चैनल के एक न्यूजरूम के पत्रकार का भी कोरोना पॉजीटिव हो गया है। देश में आज भी 101 लोगों की मौत हो गई। सासाराम में परमेश्वर प्रताप से बात हुई। राहत है कि जिले में दो दिन से केस नहीं बढ़ रहे। पहले से पीड़ित में से भी कई लोग ठीक हो गए हैं। 
परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि देश में सार्वजनिक आवागमन के साधन जल्द खोले जाएंगे। हां उनमें भी सामाजिक दूरी का ख्याल रखते हुए सफर हो सकेगा। 
07 मई, गुरुवार 44 वां दिन -  दिल्ली के सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में 10 मई से 30 जून तक ग्रीष्मावकाश की घोषणा कर दी गई है। आज कई दिनों बाद मैं साप्ताहिक अवकाश पर रहा। मुंबई में वरिष्ठ पत्रकार आनंद भारती जी से बात हुई। बातों बातों में उनसे पता चला कि आलोक रंजन नहीं रहे। आलोक रंजन हाजीपुर में लंबे समय तक रहे भोजपुरी फिल्मों के गीतकार डॉक्टर उमाकांत वर्मा के बेटे थे। आलोक भैया मुंबई में हिंदी फिल्मों के वरिष्ठ पत्रकार थे। हालांकि उनका निधन दो साल पहले हुआ पर कोई संपर्क नहीं होने के कारण मुझे ये खबर इतनी देर से मिली। 
कई दिनों बाद आज मां से बात हुई। रोहतास जिले में दो नए केस आए हैं। वहां अब 54 संक्रमित हैं। हालांकि इसमें से काफी लोग ठीक भी हो रहे हैं। लॉकडाउन के 40 दिन से ज्यादा गुजर जाने के बाद भी मजदूरों का पैदल पैदल चलकर अपने गांव से जाने का सिलसिला जारी है। स्वराज एक्सप्रेस चैनल पर गुरमीत सप्पल की रिपोर्ट में देख रहा हूं कि पुलिस हाईवे पर चलने वालों की पिटाई कर रही है तो मजदूर सड़क के किनारे खेतों से रास्ता तय कर रहे हैं। 



कई राज्यों को लगने लगा है कि ये बाहरी राज्यों के मजदूर हमारे लिए बहुत पड़ा श्रम साधन है इसलिए वे उन्हें घर जाने से रोक रहे हैं। कर्नाटक में येदियुरप्पा सरकार मजदूरों को अपने राज्य जाने से मना कर रही है।
08 मई, शुक्रवार - 45 वां दिन -  रोहतास जिले में एक 70 साल के बुजुर्ग की कोरोना से मौत हुई है। वहीं आगरा में पंकज कुलश्रेष्ठ नामक दैनिक जागरण के युवा पत्रकार ने भी इस बीमारी से दम तोड़ दिया।   
महाराष्ट्र से मध्य प्रदेश के शहडोल जा रहे 16 मजदूरों की जलगांव में ट्रेन से कटकर मौत हो गई। वे लोग पैदल घर जा रहे थे। रात में थककर ट्रेन की पटरी पर ही सो गए थे। देश में आज कोरोना से 103 लोगों की मौत हुई। बिहार के 38 में से 35 जिलों में संक्रमण पहुंच गया है। पटना में आज 45 दिन बाद समान्य दुकाने खुली तो भीड़ उमड़ पड़ी। देश के कई हिस्सों में लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं। 
अहमदाबाद शहर की हालत काफी खराब हो गई है। वहां दवा और दूध को छोड़कर सारी दुकानें बंद कर दी गई हैं। लोग घर में ही रहें इसके लिए अर्ध सैनिक बलों की तैनाती शहर में की गई है। मुंबई में रह रहे घुमक्कड़ी दिल से समूह से जुड़े साथी प्रतीक गांधी से फोन पर लंबी बात हुई। 

09 मई शनिवार, 46वां दिन - केनरा बैंक के वाशिंगटन डीसी शाखा में कार्यरत बचपन के दोस्त अभय से बात हुई। वे न्यूयार्क में क्वींस इलाके फ्ससिंग में रहते हैं। वे बताते हैं कि किस तरह दुनिया के सबसे संपन्न और विकसित समझे जाने वाले राज्य में भी कोरोना का खौफ बरकरार है। 
देश में आज कोरोना से 95 लोगों की जान गई। मौत का कुल आंकड़ा दो हजार के करीब पहुंच गया है। इस बीच दुनिया के अलग अलग देशों में फंसे लाखों भारतीय लोगों को स्वदेश लाने का सिलसिला शुरू हो गया है। पर ऐसे आने वाले लोगों को 14 दिन तक क्वारंटाइन किया जा रहा है। 
10 मई रविवार, 47वां दिन - इस कोरोना काल में कई पुराने दोस्तों से बात करके अच्छा लगता है। हर रोज दिन में किसी पुराने दोस्त की आवाज उर्जा देती है। कई पुराने रिश्तेदार भी ढूंढते हुए फोन कर देते हैं तो बड़ी खुशी होती है। आज 128 लोगों ने देश में जान गंवाई। हैदराबाद से यूपी आ रहे पांच मजदूरों की मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में दर्दनाक मौत हो गई। दो दिन पहले जलगांव में 16 मजदूरों की मौत के बाद फिर ये हादसा। इस बीच केंद्र सरकार 12 मई से 15 जोड़ी ट्रेनें रोज चलाने का फैसला लिया है। ये दिल्ली से प्रमुख 15 शहरों के लिए चलाई जाएंगी। 
11 मई सोमवार, 48वां दिन -  जिस मात्रा में रेलगाडियां और बसें चलाई जा रही हैं उससे कई गुना संख्या में लोग अपने घर जाना चाहते हैं। वहीं यात्रा करने वालों से संक्रमण फैलने का खतरा भी है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शाम चार बजे की जगह छह बजे के बाद टिकट बुकिंग शुरू हुई। पटना के लिए दो रेलगाडियां हैं। कुछ घंटे में अगले पांच दिन की टिकटें फुल हो गईं। मैंने अभी माधवी और वंश को बुलाने पर कोई निर्णय नहीं लिया है। 
उधर देश में आज कोरोना से 97 लोगों की जान गई। प्रधानमंत्री ने राज्य के मुख्यमंत्रियों के साथ हालात की समीक्षा के लिए बैठक की। अब धीरे धीरे कारोबार खोलने पर विचार हो रहा है।
12 मई मंगलवार, 49वां दिन - आज से आंशिक यातायात शुरू हो रहा है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से तीन गाड़ियां रवाना हुईं। सभी एसी हैं। डायनामिक फेयर लागू है।पर इन ट्रेनो में बैठने के लिए लोग 30-40 किलोमीटर से पैदल चलकर स्टेशन पहुंच रहे हैं, क्योंकि सार्वजनिक परिवहन नहीं चालू हुआ है। इन ट्रेनों में छह दिन बाद तक का ही टिकट बुक हुआ है। कोरोना ने आज 87 जान ली। दिल्ली में एक दिन में 13 लोगों की मौत हो गई है। 
रात आठ बजे मोदी जी लाॉकडाउन 4 की स्क्रिप्ट लेकर हाजिर हुए। कहा 18 तारीख से नए रंग रूप में होगा लॉकडाउन। उन्होंने उद्योग धंधों के लिए 20 लाख करोड़ के पैकेज देने की बात भी कही। 
हमारे संघर्ष के दिनों के साथी पंकज कुमार पप्पू का हाजीपुर से फोन आया। उन्होंने फेसबुक पर एक पुरानी तस्वीर साझा की है। संभवतः 1992 की है जब आरएन कॉलेज में हमने एक दिवसीय शिविर आयोजित कराया था राष्ट्रीय युवा योजना की ओर से। 
बाएं से - विद्युत प्रकाश, रामचंद्र सिंह, प्रो. नवल किशोर प्र श्रीवास्तव, पंकज पप्पू और साथी। 

13 मई, बुधवार 50वां दिन - ट्रेन चलनी शुरू हो गई है। पर अभी मैंने माधवी और वंश को बुलाने पर कोई निर्णय नहीं कर पा रहा हूं। क्योंकि इस माहौल में यात्रा करना सुरक्षित नहीं कहा जा सकता। हर ट्रेन में पूरी सीट पर लोग यात्रा कर रहे हैं ऐसे भला फिजिकल डिस्टेंसिंग कैसे लागू हो सकती है। आज कोरोना ने देश में 128 लोगों को लील लिया। 
अवकाश होने के कारण देर तक सोता रहा। पर अलसाई दोपहरिया में नींद खुली बीएचयू के एमए के एक साथी के फोन पर। फिर तो हम 25 साल पीछे पहुंच गए और ढेर सारी बातें कॉलेज के जमाने की। और शाम को फिर एक और दोस्त से लंबी गप। भविष्य कैसा होगा नहीं पता पर सुनहरी यादों के अतीत को कुरेदने में क्या दिक्कत है। हिंदी के जाने माने आलोचक नंद किशोर नवल का पटना में निधन हो गया। कोरोना काल में अंतिम यात्रा में भी बहुत कम लोग शरीक हो पा रहे हैं। 

सरकार भी समझ गई है कि बहुत दिनों तो लॉकडाउन नहीं रखा जा सकता। इसका असर देश में उत्पादन पर पड़ रहा है। साथ ही बड़े पैमाने पर बेरोजगारी बढ़ रही है। इसलिए अब लॉकडाउन में धीरे धीरे ढील देने पर विचार हो रहा है। तो क्या इसका मतलब कि हमें कोरोना वायरस के साथ ही जीना सीखना पड़ेगा।   

14 मई गुरुवार, 51वां दिन - सरकार सभी मेल एक्सप्रेस रेलगाड़ियां भी चलाने पर विचार कर रही है। बहुत संभावना है कि 18 मई से लॉकडाउन के चौथे चरण में कई तरह की रियायतों दी जाएं। 

   

- विद्युत प्रकाश मौर्य - vidyutp@gmail.com 
 ( LOCKDOWN DAYS, CORONA, COVID 19 ) 

No comments: