Sunday 24 May 2020

लॉकडाउन डायरी-चौथा चरण, मामले तेजी से बढ़े पर ढील जारी

हम कोरोना महामारी के बीच देशव्यापी लॉकडाउन के चौथे चरण में पहुंच गए हैं। भले मामलों में इजाफा जारी है पर अब अलग- अलग राज्य अपने अपने हिसाब से लॉकडाउन में ढील की योजना पर काम कर रहे हैं।
18 मई, सोमवार, 55वां दिन - देश में कोरोना संक्रमण के मामले एक लाख के करीब पहुंचने वाले हैं। कोरोना से आज 157 लोगों की मौत हुई। कुल मामले 96 हजार को पार कर गए। पिछले दो दिनों से एक दिन में पांच हजार के आसपास नए मामले आ रहे हैं। पर इस बीच दिल्ली, यूपी कर्नाटक जैसे राज्यों में कुछ ढील की शुरुआत हो रही है। दिल्ली में बस, टैक्सी, आटो, ग्रामीण सेवा, बाइक का संचालन नियंत्रित तरीके से शुरू हो रहा है। 

19 मई, मंगलवार - 56वां दिन - बहुत दुखद है, कोरोना ने मीडिया सेक्टर में पांव पसारना शुरू कर दिया है। समाचार चैनल जी न्यूज के 28 साथी कोरोना पॉजीटिव पाए गए हैं। हमारे साथियों का कहना है कि भारत में जून और जुलाई में कोरोना का पीक सीजन आने वाला है।
कोरोना संक्रमितों की संख्या  एक लाख को पार कर गई है। आज पांच हजार मामले आए नए। वहीं कुल 124 लोगों की जान गई। दिल्ली में एक दिन में सबसे ज्यादा 500 मामले आए। उधर आज से दिल्ली के बाजार ऑड इवन की तर्ज पर खुल गए हैं। 
दिन भर मजदूरों के घर भेजने पर सियासत जारी रही। रेलवे अब तक श्रमिक स्पेशनल ट्रेनों 20 लाख लोगों को भेजने का दावा कर रही है। पर दिल्ली, गुजरात, पंजाब से लाखों लोग अभी भी घर जाने के लिए मारा मारी कर रहे हैं। इस मोर्चे पर सरकार बुरी तरह फेल हो गई है। लॉकडाउन की तैयारी से पहले सारे लोगों को उनके सेफ जोन में जाने का मौका दिया जाना चाहिए था। आज जो मजदूर सड़क पर निकलकर भीड़ का हिस्सा बने हैं वहां किसी तरह की सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो रहा है। 
20 मई 2020, बुधवार - 57वां दिन - देश भर में जब करोड़ों मजदूरों के सब्र का बांध टूटने लगा है तब सरकार ने एक जून से हर रोज 200 रेलगाड़ियां चलाने का ऐलान किया है जो गैर वातानुकूलित होगी। इसमें ऑनलाइन टिकट बुक कराकर कोई भी सफर कर सकेगा।
अब भारतीय रेलवे की क्षमता के बारे में जानिए।
  • 13652 पैसेंजर और मेल एक्सप्रेस रेलगाड़ियां संचालित होती हैं हर रोज। 
  • 3500 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें संचालित की जाती हैं रोजाना। 
  • 9000 से ज्यादा पैसेंजर ट्रेनें संचालित होती हैं। 
  • 2.30 करोड़ यात्री रोजाना रेल से सफर करते हैं 
  • 7349 कुल रेलवे स्टेशन हैं देश में 
  • 1,23,436 किलोमीटर का कुल रेल पटरियों का नेटवर्क है।
  • 9141 मालगाड़ियों का परिचालन होता है हर रोज 
  • 3 करोड़ टन माल ढोन की क्षमता है हर रोज की। 
( स्रोत - https://www.ibef.org/industry/indian-railways.aspx )
तो इतनी क्षमतावान है हमारी रेलवे जो दो करोड़ से ज्यादा लोगों को एक दिन मेें मंजिल तक पहुंचा सकती है। पर इस लॉकडाउन में करोड़ों लोगों को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है। 
बीस मई को देश में पांच हजार से ज्यादा मामले आए। दिल्ली में पांच सौ से ज्यादा। इस बीच सरकार ने 25 मई विमान सेवाएं शुरू करने का भी ऐलान कर दिया है। 
21 मई, गुरुवार, 58वां दिन -  नए वर्गीकरण में गाजियाबाद और नोएडा रेड जोन में आ गए हैं। सरकार ने एक जून से चलाए जाने वाली रेलगाड़ियों की सूची जारी कर दी है। सौ जोड़ी नॉन एसी ट्रेनें चलाई जाएंगी। 
कोरोना से देश भर में 132 जान गई। कुल संक्रमित 112359 हैं देश में। इस बीच एक जून से चलने वाली रेलगाड़ियों और 25 मई से शुरू हो रही घरेलू विमान सेवा के लिए बुकिंग शुरू हो गई है। आज अक्षरा मेरी भांजी का जन्मदिन है। वह 19 की हो गई। वहीं रींकू जी के छोटे बेटे अरनब का भी जन्मदिन है। 

22 मई शुक्रवार, 59वां दिन -  दिल्ली में बाजार खुलने लगे हैं। पटना में भी बाजार खुलने लगे हैं। हालांकि किसी भी तरह के आयोजन पर पाबंदी जारी है।आज कोरोना ने 148 लोगों की जान ली। मुंबई में एक युवा टीवी पत्रकार की भी मौत हो गई। उधर, विमान सेवा की बुकिंग आज आरंभ हुई घरेलू उड़ानों के लिए। पहले ही दिन काफी टिकटे बुक हुई। एक जून से चलने वाली रेलगाड़ियों के लिए भी अब काउंटर टिकट बुकिंग शुरू हो गई है। 
एक तरफ ढील दी जा रही है पर देश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। आज विपक्षी दलों की संयुक्त बैठक हुई। इसमें शामिल 22 दलों ने सरकार पर कोरोना मामले में विफल रहने का आरोप लगाया। 
23 मई, शनिवार, 60वां दिन - कोरोना को लेकर लॉकडाउन के आज साठ दिन यानी दो माह पूरे हो गए हैं। देश में संक्रमितों की संख्या सवा लाख पार कर गई है। आज 137 लोगों की मौत हुई। 
दिल्ली में गरमी बढ़ गई। लू चलने लगी है। पार 44 डिग्री के पार हो गया है। अभी कुछ दिन और लू चलने का अनुमान है। अनादि और माधवी से वीडियो कालिंग पर और तड़ित से फोन पर बात हुई। माधवी और अनादि को बुलाने पर पर मैं कोई फैसला नहीं कर पा रहा हूं। गर्मियों में बेल का शरबत मेरा फेवरिट होता है। आज मैंने खुद घर में बेल का शरबत बनाया। 
24 मई रविवार , 61वां दिन - आज रमजान के महीने का आखिरी दिन है। कल ईद होगी। देश में 147 लोगों की मौत हुई वहीं सात हजार के करीब नए केस सामने आए। वैसे मेरे कई दोस्तों का आकलन है कि सही मायने में देश में 20 लाख से ज्यादा लोग कोरोना संक्रमित हो गए हैं। चूंकि सबकी जांच नहीं हो रही है इसलिए सही आंकड़ा नहीं पता चल पा रहा है। उधर, गरमी अचनाक तेजी से बढ़ी है। लू चलने लगी है। तापमान कई जगह 46-47 तक पहुंच गया है। मां ने आज बताया कि सासाराम में भी गरमी तेज पड़ रही है। इस गरमी में माधवी वंश का आना अभी टाल रखा है। 
आज मैंने शाम को मिक्स दाल, भात और आलू का चोखा, टमाटर, प्याज की चटनी बनाई। 
 25 मई, सोमवार, 62वां दिन - दफ्तर गए ठीक दो महीने हो चुके हैं। देश दुनिया में ईद मनाई जा रही है। पर सारे लोग घर में ही नमाज अदा कर रहे हैं। मैंने अपनी मोबाइल डाइरेक्टरी में मौजूद सौ के करीब मुस्लिम दोस्तों की ईद की मुबारकबाद भेजी। ज्यादातर लोगों ने पलटकर जवाब भी दिया।
कोरोना से आज 145 मौत हुई कुल संख्या 4021 हो गई। कुल संक्रमित 138845 हो गए हैं। पर क्या अब इस तरह रोज गिनती गिनने का कोई फायदा है। पहले दिन आज विमान सेवा शुरू हुई है। पर ऐन मौके पर कुल 82 विमान रद्द हो गए क्योंकि कई राज्यों ने अपने यहां उतरने की अनुमति नहीं दी। लोग एयरपोर्ट चले गए। उन्हें रद्द होने की कोई सूचना नहीं थी। 

26 मई , मंगलवार, 63वां दिन - दिल्ली से लग रही गाजियाबाद की सीमा पर भी आने जाने की सख्ती बढ़ा दी गई है। गाजियाबाद प्रशासन अब बिना पास वालों को दिल्ली आने जाने नहीं देगा। आज मैं अवकाश पर रहा। कोरोना से 145 लोगों की मौत हुई। कुल संक्रमित 1.45 लाख के पार हो गई है। 
बाजार बंद होने के कारण मैं बेल का शरबत बाहर नहीं पी पा रहा हूं, तो बेल घर में लाकर खुद उसका शरबत तैयार कर रहा हूं। मैं सारी गरमी जब तक उपलब्ध हो रोज बेल का शरबत पीने की कोशिश करता हूं। अब बाजार में स्थानीय आम की भी थोड़ी थोड़ी आमद होने लगी है। इस बीच दिल्ली में भीषण गर्मी का कहर जारी है।  
27 मई बुधवार, 64वां दिन घरेलू विमान से यात्रा करने वालों में पॉजीटिव केस निकलने लगे हैं। पहले दिन की फ्लाईट के कुछ यात्री कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। आज संक्रमित 151767 मौत 4337 तक पहुंचा। 
आज भी दिन में दिल्ली में भीषण गर्मी का प्रकोप रहा। मैं तरबूज, खरबूज, बेल, आम सब कुछ लेकर सेवन कर रहा हूं। हमारे संघर्ष के दिनों या पहली नौकरी के दौर के साथी रहे अजय आनंद ने एक फिल्म निर्देशित की है लंगड़ा राजकुमार। सार्थक फिल्म है यूट्यूब पर आ गई है। मैंने उसे देखने के बाद उसकी छोटी सी समीक्षा लिखी है।
28 मई, गुरुवार, 65वां दिन - 26 मई को हमारे दफ्तर के बड़े हिस्से को दुबारा से दफ्तर बुलाने की शुरुआत हुई थी। मेरा उस दिन अवकाश था। पर 27 तारीख से दुबारा घर से काम करने का निर्णय हुआ। जी न्यूज के न्यूज रूम में संक्रमित लोगों की संख्या 50 के पार हो गई है। उनमें कुछ मेरे जानने वाले भी हैं। आज देश में 194 लोगों की मौत हो गई। दिल्ली में आज मौसम में नरमी आई। तेज हवा और शाम को बारिश से गरमी में काफी राहत मिली। वरना पिछले चार पांच दिनों से लू के मारे बुरा हाल था। 

29 मई शुक्रवार, 66वां दिन - कोरोना के दवा और टीके को लेकर कई सकारात्मक खबरें आ रही हैं। पर इन सबके बीच अभी कई महीने लग सकते हैं। कोरोना से मरने वालों की संख्या 4706 हो गई। भारत कुल संक्रमितों के मामले में नौंवे नंबर पर आ गया है। 
आज छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी, फिल्मों के जाने माने गीतकार योगेश और ज्योतिषी बेजान दारुवाला का निधन हो गया। मतलब एक दिन में तीन बड़ी हस्तियां चली गईं। लॉकडाउन के दौरान कई मीडिया संस्थानों में वेतन कटौती के बाद छंटनी का भी दौर शुरू हो गया है। 
30 मई शनिवार, 67वां दिन -  सरकार एक जून से लॉकडाउन के पांचवे चरण की रुपरेखा पर विचार कर रही है। सरकार ने ऐलान कर दिया चरणबद्ध तरीके से अनलॉक किया जाएगा। धीरे धीरे शापिंग मॉल और मंदिर भी खुलेंगे। पर जिन इलाकों में केस ज्यादा हैं वहां सख्त लॉकडाउन जारी रहेगा। इस बीच आज दिल्ली और देश में बड़े पैमाने पर केस आए। दिल्ली में एक हजार से ज्यादा। हमारी डीएलएफ कालोनी में भी दो मामले आ गए हैं। 
31 मई रविवार, 68वां दिन - आज लॉकडाउन 4 का आखिरी दिन है। आज भारत कोरोना संक्रमितों के मामले में दुनिया के देशों में सातवें नंबर पर आ गया। दो दिन पहले नौंवे नंबर पर था। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1.82 लाख को पार कर गई है। इसमें 25 हजार मामले तो पिछले तीन दिल में आए हैं। देश में अब तक कोरोना वायरस से कुल मौत 5164 लोगों की हुई है। 
पर 25 मार्च से 31 मई के बीच देश में मजदूर वर्ग और मध्यम वर्ग पर जो चोट पड़ी है उसे सदियां याद रखेंगी। दैनिक वेतनभोगी मजदूरों का जो पलायन देखने को मिला है वह अभूतपूर्व रहा है। इसी बीच कुछ सरकारों ने संवेदना भी दिखाई है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुंबई, लेह और अंदमान में फंसे अपने राज्य के मजदूरों की घर वापसी के लिए निजी चार्टर्ड विमानों तक का प्रबंध किया। 
आने वाले कल में भी लॉकडाउन जारी ही रहेगा पर कई रियायतों के साथ। अब गुलशन का कारोबार चलाने की कोशिश की जा रही है। पर बहुत कठिन है डगर पनघट की।  

  - विद्युत प्रकाश मौर्य - vidyutp@gmail.com 
 ( LOCKDOWN DAYS, CORONA, COVID 19 ) 

No comments: