Sunday 26 April 2020

लॉकडाउन डायरी - शुरू हो गया दूसरा महीना... ((04 ))


एक महीने पूरे हो गए देश में बंदी के। देश ही क्या दुनिया के तमाम शहरों में बंदी है। कई जिलों में मामले बढ़ रहे हैं तो कुछ जिले कोरोना मुक्त भी हो रहे हैं।अब लॉकडाउन का दूसरा महीना शुरू हो गया है।  इस बीच सरकार कुछ कड़े आर्थिक फैसले ले रही है। केंद्र सरकार के कर्मचारियों को जून 2021 तक बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता नहीं मिलेगा। 

25 अप्रैल, शनिवार - 32वां दिन - आज से रमजान का महीना शुरू हो गया है। गाजियाबाद मेें सख्ती बढ़ाई जा रही है। अब दोपहर दो बजे के बाद दुकाने नहीं खुलेंगी। आज देेेश मेंं सबसे ज्यादा 57 लोगों की मौत हुई । बिहार मेें कई नए जिलों में केस बढ़़े़े हैं। अनादि की कक्षाएं अब जूम एप से अलग हटकर माइक्रोसाफ्ट टीम्स पर लग रही हैं। उसने बताया कि उसकी तीन कक्षाएं ही रोज हो पा रही हैं। ऑनलाइन क्लास में 30 में से 25 छात्र रोज ऑनलाइन मौजूद होते हैं।

26 अप्रैल रविवार , 33वां दिन : सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में छूट बढ़ाई है। वहां सारी दुकानें खोली जा सकती हैं। सिर्फ शॉपिंग मॉल को छोड़कर। रविवार को दोपहर में दिल्ली एनसीआर में आंधी आई तो बिहार में अच्छी बारिश हुई। प्रधानमंत्री मोदी मन की बात में अवतरित हुए। उन्होंने कहा, रमजान में पहले ज्यादा इबादत करें ताकि दुनिया ईद से पहले कोरोना मुक्त हो सके। आज देश भर में 47 लोगों की मौत हुई उसमें सर्वाधिक 18 अहमदाबाद शहर में लोगों ने दम तोड़ा।  लंबे समय बाद आज मैंने लिट्टी बनाकर खाया। पर चोखा नहीं बनाया। लिट्टी के साथ चटनी और घुघनी। 
27 अप्रैल, सोमवार,  34 वां दिन ः देश में कोरोना के सर्वाधिक मरीज महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश में सामने आए हैं। इसमें मुंबई, पुणे, अहमदाबाद, इंदौर, भोपाल बड़े केंद्र बने हैं। आज देश में कुल 60 लोगों की मौत हुई जो अब तक एक दिन में सर्वाधिक है। प्रधानमंत्री ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा की। 
28 अप्रैल, मंगलवार, 35 वां दिन- तीन मई की तारीख नजदीक आ रही है पर लॉकडाउन खुलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। हो सकता है उन राज्यों में ढील मिले जहां मामले कम हैं। 
हमारे गृह जिले रोहतास में कोराना के मामले कई नई जगहों पर बढ़ गए हैं। शहर के बारादरी के बाद करपुरवा, अड्डा रोड, जक्की शहीद, गौरक्षिणी में संक्रमण मिला है। जिले के राजपुर बाजार, आलमपुर और कोचस में भी कोरोना के नए केस मिल गए हैं। यह दुखद है जिले के कस्बाई और ग्रामीण क्षेत्रों में भी कोरोना वायरस का पहुंच गया है। रोहतास में केस की संख्या 30 से ज्यादा है। बिहार के 29 जिले में संक्रमण पहुंच गया है। 



29 अप्रैल, बुधवार - 36वां दिन - दिल्ली में हॉटस्पॉट की संख्या 100 हो गई है। बस राहत की बात है कि लोग ठीक भी हो रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में दिल्ली में किसी की मौत भी नहीं हुई है, पर आज दो लोगों की मौत हो गई। देश में कुल मौत की संख्या 1000 के पार हो गई। देश भर में 71 मौत हुई जो अब तक का एक दिन में सर्वाधिक है। हमारे रोहतास जिले के कई गांवों तक संक्रमण पहुंच गया है। करगहर प्रखंड के बड़हरी गांव में एक छह साल का बच्चा संक्रमित मिला है। मतलब मेरे पुश्तैनी गांव के आसपास भी कोरोना का संक्रमण पहुंच चुका है। आज मेरा दफ्तर के काम से अवकाश था। सरकार अब अलग अलग राज्यों में फंसे मजदूरों, पर्यटकों और दूसरे लोगों को उनके घर पहुंचाने का इंतजाम कर रही है। लोगों को बसों से उनके घर तक पहुंचाया जाएगा। 

हिंदी फिल्मों के लोकप्रिय अभिनेता इरफान की 54 साल की उम्र में आज मृत्यु हो गई। वे कैंसर से पीड़ित थे। वे शानदार अभिनेता थे, उनके निधन से समाज के हर वर्ग के लोग दुखी हैं। पान सिंह तोमर, लाइफ ऑफ ए पाई, लंच बॉक्स जैसी तमाम फिल्मोें में उन्होंने शानदार अभिनय किया था। कल और आज में मैंने तीन फिल्में देखीं। यू ट्यूब पर। बेमिसाल, खामोशी और सफर। इन तीनों फिल्मों के कहानी बांग्ला के लोकप्रिय लेखक आशुतोष मुखर्जी की है। तीनो फिल्में कहानी और संगीत के स्तर पर उम्दा हैं। संयोग है कि तीनो फिल्मों की कहानी डॉक्टरों के इर्दगिर्द घूमती है। 
30 अप्रैल, गुरुवार, 37वां दिन - तीन मई के बाद सरकार ग्रीन जोन वाले इलाकों में थोड़ी छूट दे सकती है। देश में एक दिन पहले 71 तो आज 67 लोगों को कोरोना ने ग्रस लिया। रुस के प्रधानमंत्री मिखाइल मिशुस्टिन भी कोरोना ग्रस्त हो गए हैं। बिहार में सीतामढ़ी जिले में भी कोरना पहुंच गया है। रोहतास जिले में भी आज नए केस आए हैं। सरकार अलग अलग राज्यों में फंसे लोगों को लाने की तैयारी कर रही है। 
एक दिन पहले इरफान के बाद आज लोकप्रिय अभिनेता ऋषि कपूर का 67 साल की उम्र में निधन हो गया। दोनों ही कैंसर से पीड़ित थे। 
- विद्युत प्रकाश मौर्य - vidyutp@gmail.com 

 ( LOCKDOWN DAYS, CORONA, COVID 19 ) 

No comments: