Monday 3 September 2018

प्यारा हिंदुस्तान ( बाल गीत )

प्यारा हिंदुस्तान है
गोपालों की शान है
वीरों का मैदान
इसमें भक्तों के भगवान हैं
आओ इसे बनाएंगे
भारत को बदलाएंगे
शूर वीर उठो तुम तो
ऋषियों की संतान है।। प्यारा...

कवियों की खदान है
गीतों का वरदान है
तिलक महात्मा गांधी सहारे
दुनिया के अभिमान हैं। प्यारा...

तुकड़या की आवाज भारत
सदा रहे सरताज है
फले फूलेगा देश चाहे
हो जाए बलिदान है।। प्यारा...

( तुकड़ोजी महाराज)


हम धरती के लाल (बालगीत)

हम धरती के लाल, हम धरती के लाल
नया संसार बनाएंगे, नया इंसान बनाएंगे।

सौ सौ स्वर्ग उतर आएंगे, सूरज सोना बरसाएंगे
दूध पूक के लिए पहनकर जीवन की जयमाल।
रोज त्योहार मनाएंगे, नया संसार बसाएंगे।।

सुख सपनों के स्वर गूंजेंगे। मानव की मेहनत पूजेंगे।
नई चेतना नए विचारों की हम लिए मशाल ।
समय को राह दिखाएंगे, नया संसार बसाएंगे।।

एक करेंगे मनुष्यता को, सीचेंगे ममता समता को
नई पौध के लिए बदल देंगे तारों की चाल।
नया भूगोल बनाएंगे, नया संसार बसाएंगे।

देश हमारा धरती अपनी,
हम धरती के लाल, हम धरती के लाल
नया संसार बसाएंगे, नया इंसान बनाएंगे
देश हमारा धरती अपनी

हम धरती के लाल, हम धरती के लाल। 


कल की आशा हम बच्चे
युग निर्माता हम बच्चे
कल की आशा हम बच्चे
चलते हैं हम शान से
डरते नहीं है रुकते नहीं हैं
आंधी या तूफान से
भाग्य विधाता हम बच्चे
कल की आशा हम बच्चे। कल...

खुशियां ही खुशियां आएंगी
जब हम नाचे गाएंगे
हमें बधाई देने को फिर
परियों के दल आएंगे
धूम धमाका हम बच्चे
नाचे गाएं हम बच्चे।। कल की...

जीना हमको आता है
मौन न एक पल भाता है
चांद सितारों से तो अपना
जनम जनम का नाता है।
खीर बतासा हम बच्चे। कल की...
( हरीश तिवारी)

हम बच्चे हिंदुस्तान के (बालगीत) 

हम बच्चे हिंदुस्तान के
हम भारत मां की शान के
सच्चे हैं डर न किसी का
चलते सीना तान के । हम बच्चे...

गाते हैं हम नए तराने
दुनिया को हैं दोस्त बनाने
दूध में जैसे शक्कर मिलती
इसी तरह मिल जाना है।। हम बच्चे...

हृदय हमारा सागर है
हाथों में अमृत गागर है
सारी दुनिया दोस्त हमारी
सबको यह दिखलाना है।। हम बच्चे...

कर्तव्य हमारा निभाना है
भूले को राह दिखाना है
आफत की बदली में हमको
बिजली सा मुस्कना है।। हम बच्चे...
( डा. लल्लन)

हिंद देश के निवासी (बालगीत)

हिंद देश के निवासी सभी जन एक हैं...
रंग रुप वेष भाषा चाहे अनेक है।

बेला गुलाब जूही चंपा चमेली
प्यारे प्यारे फूल गूंथे माला में एक है...हिंद...

कोयल की कूक प्यारी पपिहा की टेर न्यारी
गा रही है तराना बुल बुल, राग मगर एक है...हिंद...

गंगा, जमुना, ब्रह्मपुत्र, कृष्णा , कावेरी
जाके मिल गई सागर में हुई सब एक है।। हिंद...

( विनय चंद्र मौदगल्य)

एक चंद्र एक सूर्य ...

एक चंद्र एक सूर्य , एक भूमि एक आसमान,
एक जगत एक लोक, सबका है एक मान।
एक तेज एक हवा एक ही पानी
जीवन है सुख दुख की एक कहानी
एक देह एक रक्त एक अस्थि एक प्राण
एक जगत...

हर्ष भर गाएं हम राग सुहाने
समता और ममता के गीत तराने
घर घर में गूंज उठे,  घर घर में गूंज उठे
निश दिन यह मधुर गान।

एक जगत...
राष्ट्रों में एक्य यही कर्म हमारा
प्रगति न्याय मानवता धर्म हमारा
हिल मिल कर लहराएं..हिल मिल कर लहराएं
विश्व शांति का निशान।
एक जगत...

No comments: